भेदभाव और एनकाउंटर पर उठे सवाल

Update: 2026-07-05 16:37 GMT

Bihar: नवादा के डॉ. श्रीकृष्ण स्मारक हॉल में रविवार को सवर्ण-यादव समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सामाजिक एकजुटता के साथ-साथ बिहार की मौजूदा परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेश कुमार श्री ने की। बैठक में समाज के लोगों ने आपसी मतभेद समाप्त कर भाईचारा, सामाजिक समरसता और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।

वक्ताओं ने कहा कि समाज की मजबूती उसकी एकता में निहित है और सभी वर्गों को मिलकर आगे बढ़ना चाहिए। बैठक में पुरानी कटुता को भूलकर एक-दूसरे के साथ सहयोग करने की अपील की गई। अध्यक्षीय संबोधन में राजेश कुमार श्री ने कहा कि वर्तमान समय में समाज के सभी लोगों को एकजुट होकर विकास और सम्मान की दिशा में काम करना चाहिए।

बैठक के दौरान कुछ नेताओं ने राज्य की स्थिति को लेकर गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि बिहार में सवर्ण और यादव समाज के साथ भेदभाव हो रहा है और एनकाउंटर के नाम पर निर्दोष लोगों की जान जाने की बात कही गई। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि कुछ राजनीतिक बयानों और टिप्पणियों से समाज में असंतोष का माहौल बन रहा है।

वक्ताओं ने यह भी कहा कि समाज को विभाजित कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिशें लंबे समय से चल रही हैं, इसलिए जरूरी है कि लोग आपसी मतभेद भुलाकर सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। साथ ही अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट रहने की अपील की गई।

बैठक में उपस्थित लोगों ने संगठन की मजबूती और सामाजिक समरसता को लेकर अपने सुझाव रखे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए, जिनमें विशुनदेव यादव, मिथिलेश तिवारी, बिपिन बिहारी, राजेश कुमार यादव, दीपक यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और एकता को बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही समाजहित के मुद्दों पर मिलकर काम करने और आपसी सहयोग बढ़ाने की बात कही गई।

Tags:    

Similar News