फेजवाइज प्रमोशन प्रक्रिया शुरू, कर्मचारियों में खुशी

Update: 2026-06-21 09:09 GMT

Bihar: बिहार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने कर्मचारियों के प्रमोशन को लेकर बड़ी शुरुआत की है। पहले चरण में विभाग ने राजस्व कर्मचारी संवर्ग के 6 कर्मचारियों को पदोन्नत कर राजस्व अधिकारी बना दिया है। इन सभी को बिहार राजस्व सेवा संवर्ग के तहत नई जिम्मेदारी सौंपी गई है और वेतन स्तर-7 प्रदान किया गया है। विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रमोशन पाने वाले कर्मचारियों की नई पोस्टिंग भी तय कर दी गई है। कुमार ललन सिंह को औरंगाबाद जिले में तैनात किया गया है, जबकि राजेश पासवान, उमेश प्रसाद, अवधेश साह, मंजेश कुमार ईश्वर और संगीता लोमस को बेगूसराय जिले में नई जिम्मेदारी दी गई है।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने पहले ही यह तय किया था कि अमीन और राजस्व कर्मचारियों को क्रमशः सहायक राजस्व अधिकारी और सहायक राजस्व अधिकारी (तकनीकी) के पद पर पदोन्नत किया जाएगा। अब इसी व्यवस्था को लागू किया जा रहा है। नियमों के अनुसार बिहार राजस्व सेवा के 25 प्रतिशत पद इन्हीं कर्मचारियों के प्रमोशन से भरे जाएंगे। प्रमोशन के लिए विभाग ने कुछ शर्तें भी तय की हैं। इसके तहत कर्मचारी की कम से कम 10 साल की सेवा बेदाग होनी चाहिए और सीमित विभागीय परीक्षा पास करना अनिवार्य है। हालांकि प्रक्रिया नियमित रूप से न होने के कारण कई कर्मचारी लंबे समय से अपने प्रमोशन का इंतजार कर रहे थे।

पिछले दिनों राजस्व कर्मचारियों ने प्रमोशन और सेवा संबंधी मांगों को लेकर आंदोलन भी किया था। इसी के बाद सरकार ने प्रक्रिया को तेज किया है और फेजवाइज प्रमोशन लागू करने का निर्णय लिया है। विभाग अब चरणबद्ध तरीके से बाकी योग्य कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया भी पूरी करेगा। सरकार के इस कदम से राजस्व कर्मचारियों में राहत और उम्मीद दोनों बढ़ी है। लंबे समय से रुकी हुई प्रमोशन प्रक्रिया अब आगे बढ़ने लगी है, जिससे आने वाले समय में और कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलने की संभावना है।


Tags:    

Similar News