Patna : नगर निगम का छठ पर श्रद्धालुओं को बड़ा तोहफा

Update: 2025-10-25 04:16 GMT
Patna पटना: छठ महापर्व 2025 पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पटना नगर निगम द्वारा एक विशेष पहल की गई है। श्रद्धालुओं को गंगाजल लाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निगम ने घर-घर गंगाजल पहुंचाने की व्यवस्था शुरू की है। प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर, जिलाधिकारी त्यागराजन एस.एम., नगर आयुक्त यशपाल मीणा, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, पुलिस अधीक्षक (यातायात) और अपर नगर आयुक्त ने शुक्रवार को जेपी सेतु घाट से गंगाजल से भरे टैंकरों को विधिवत हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ये टैंकर गंगा नदी से शुद्ध जल लेकर छह अंचलों के वार्डों और गलियों में पहुंचेंगे, ताकि श्रद्धालु अपने घरों में ही यह गंगाजल प्राप्त कर सकें और आस्था के साथ छठ व्रत कर सकें। प्रत्येक अंचल के लिए दो टैंकर निर्धारित किए गए हैं, गंगाजल वितरण का कार्य निगम कर्मचारियों की देखरेख में किया जाएगा। नगर निगम द्वारा यह भी व्यवस्था की गई है कि जिन छोटे तालाबों या कृत्रिम जलाशयों में श्रद्धालु अर्घ्य देंगे, वहाँ गंगाजल भी डाला जाएगा, ताकि छठ महापर्व की पवित्रता और आस्था बनी रहे।
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने कहा, "छठ महापर्व लोक आस्था का प्रतीक है। श्रद्धालुओं को गंगाजल के लिए परेशानी न उठानी पड़े, यह हमारी प्राथमिकता है। यह पहल आस्था, स्वच्छता और सुविधा का अद्भुत संगम है।"
Tags:    

Similar News