Patna पटना: राजधानी पटना के रानी तालाब थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां गुरुवार को दिनदहाड़े एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रमाकांत यादव के रूप में हुई है, जो इलाके में बालू माफिया के रूप में कुख्यात था। बताया जाता है कि रमाकांत यादव का बिहटा, विक्रम और पालीगंज जैसे इलाकों में दबदबा था। जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त रमाकांत यादव अपने घर के पास बगीचे में टहल रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात अपराधी ने उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। परिजन उन्हें बिहटा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसएचओ प्रमोद कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फिलहाल हत्या के कारण और अपराधियों की पहचान को लेकर जांच जारी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रमाकांत यादव पहले से ही अपराधियों के निशाने पर थे। इलाके में अवैध बालू खनन को लेकर उनका कई अन्य माफियाओं से विवाद चल रहा था। आशंका है कि यह हत्या वर्चस्व की लड़ाई के चलते की गई है।