Patna पटना: बिहार की राजधानी पटना की सड़कों पर जून से महिला स्पेशल 'पिंक बसें' दौड़ेंगी. राजधानी पटना में पिंक बसों के परिचालन का रूट भी तय कर दिया गया है. पहली पिंक बस गांधी मैदान से दानापुर स्टेशन तक चलेगी, जो पटना वीमेंस कॉलेज, जेडी वीमेंस कॉलेज, आईजीआईएमएस, सगुना मोड़ से मगध महिला कॉलेज होते हुए दानापुर स्टेशन तक जाएगी. बस का परिचालन शुरुआत में गांधी मैदान से प्रतिदिन सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक होगा. इसके लिए अब तक 20 पिंक बसें आ चुकी हैं. इनका परिचालन सीएनजी से होगा|
टिकट शुल्क छह रुपये से 25 रुपये बिहार की परिवहन मंत्री शीला मंडल ने शुरू होने वाली पिंक बस सेवा पर कहा कि इन बसों में महिलाओं को सुरक्षित यात्रा का अनुभव होगा. उन्होंने कहा कि इन बसों में वे सारी सुविधाएं जोड़ी गई हैं, जिससे महिलाओं को यात्रा करने में सहूलियत होगी. बस का किराया भी काफी कम है, जिससे छात्राओं के साथ-साथ रोजाना काम पर जाने वाली महिलाओं को भी आरामदायक यात्रा उपलब्ध हो सके. पिंक बस सेवा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी बड़ा कदम साबित होगी।
पिंक बस में सफर करने के लिए किफायती दाम पर मासिक पास बनाया जाएगा। मासिक पास के लिए छात्राओं से 400 रुपये, कामकाजी महिलाओं से 550 रुपये लिए जाएंगे। रोजाना सफर करने वाली महिलाओं के लिए टिकट शुल्क छह रुपये से 25 रुपये तक होगा। इसका लाभ रोजाना सफर करने वाली महिलाओं को मिलेगा। पहले चरण के तहत जून में पटना में 10 बसें चलेंगी, जिनका एनओसी, रजिस्ट्रेशन और परमिट का काम जल्द पूरा हो जाएगा।
आने वाले दिनों में बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की देखरेख में भागलपुर, पूर्णिया और मुजफ्फरपुर में भी पिंक बस सेवा शुरू करने की योजना है। राज्य सरकार ने राज्य के प्रमुख शहरों में महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में पिंक बस योजना लागू की है। ड्राइवर के हाथ में सभी सुविधाओं का नियंत्रण होगा। इन पिंक बसों को चलाने के लिए महिला ड्राइवर और महिला कंडक्टर की बहाली की जाएगी।
Tags: