Patnaपटना : पटना सिटी के सुलतानगंज थाना क्षेत्र स्थित मुसल्लहपुर हाट में बुधवार देर रात मामूली विवाद हिंसक घटना में बदल गया। आलू-प्याज के कारोबारी सोनू (35) और उनके छोटे भाई आकाश (21) को अपराधियों ने गोली मार दी। घटना में सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आकाश का इलाज गंभीर हालत में चल रहा है।जानकारी के अनुसार, मुसल्लहपुर हाट में सोनू का किसी व्यक्ति से विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपी ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों भाइयों को तुरंत पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) पहुँचाया। चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया, जबकि आकाश की स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सुलतानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखे बरामद किए, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी ने लगभग तीन राउंड फायरिंग की। पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की पहचान कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कबाड़ी का काम करता है और इसी इलाके का निवासी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही उसे पकड़ा जाएगा।
Tags: