अधिकारियों ने लिया सीढ़ी घाट स्थल का जायजा

Update: 2026-08-01 10:07 GMT

खगड़िया। जिले के प्रसिद्ध माइजीथान यानी बड़ी कात्यायनी मंदिर के पास श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नया सीढ़ी घाट बनाया जाएगा। बाढ़ और बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद सीढ़ी घाट निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए शनिवार को बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और निर्माण की संभावनाओं को लेकर निरीक्षण किया।

खगड़िया सदर प्रखंड के उत्तर माड़र पंचायत स्थित तीनगछिया गांव के पास यह ऐतिहासिक कात्यायनी मंदिर स्थित है। यह मंदिर फरकिया क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर के पास सीढ़ी घाट बनने से श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

बाढ़ नियंत्रण अंचल खगड़िया के अधीक्षण अभियंता रवींद्र सिंह और बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-दो के कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार ने शनिवार को नाव के माध्यम से बागमती नदी पार कर माइजीथान स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान विभाग के सहायक अभियंता अरुणेश कुमार और कनीय अभियंता कपिलदेव कुमार समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पहले कराए गए कटाव रोधी कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में माइजीथान मंदिर पूरी तरह सुरक्षित है और बागमती नदी से मंदिर को किसी प्रकार का खतरा नहीं है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष नवंबर में करीब 50 वर्षों बाद बागमती नदी की धारा बदल गई थी और नदी मंदिर के पास से होकर बहने लगी थी। इसके बाद मंदिर के कटाव की चपेट में आने की आशंका बढ़ गई थी। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कदम उठाते हुए बाढ़ संघर्षात्मक कार्य कराया था, जिससे मंदिर को सुरक्षित किया जा सका।

इसके बाद मई 2026 में विभागीय विशेष आदेश के तहत मंदिर क्षेत्र में करीब 300 मीटर लंबाई में कटाव रोधी कार्य कराया गया। इस कार्य के बाद मंदिर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई। अधिकारियों का कहना है कि पूर्व में किए गए सभी सुरक्षा कार्य पूरी तरह प्रभावी हैं।

बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-दो के कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार ने बताया कि बाढ़ अवधि समाप्त होने के बाद माइजीथान मंदिर के पास सीढ़ी घाट निर्माण का प्रस्ताव विभाग को भेजा जाएगा। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। सीढ़ी घाट बनने से श्रद्धालुओं को नदी तक पहुंचने में आसानी होगी और मंदिर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी होगा।

उन्होंने कहा कि सीढ़ी घाट बनने से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को पूजा और अन्य धार्मिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही मंदिर परिसर के विकास कार्यों में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

स्थानीय लोगों ने भी सीढ़ी घाट निर्माण की योजना का स्वागत किया है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से मंदिर के पास घाट निर्माण की जरूरत महसूस की जा रही थी। इससे न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

प्रशासन की ओर से मंदिर की सुरक्षा और विकास को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बाढ़ नियंत्रण विभाग की निगरानी और प्रस्तावित सीढ़ी घाट निर्माण से माइजीथान मंदिर क्षेत्र को आने वाले समय में नया स्वरूप मिलने की उम्मीद है।

Tags:    

Similar News