Patna पटना। बिहार कांग्रेस में चल रही अंदरूनी कलह और विरोध के बीच बिहार सरकार के मंत्री और भाजपा नेता नितिन नबीन ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में बढ़ते विरोध का कारण खुद पार्टी का शीर्ष नेतृत्व है, जो संगठन को लोकतांत्रिक ढंग से चलाने में असमर्थ है।
मीडिया से बातचीत में नितिन नबीन ने कहा, “कांग्रेस के नेता अपने ही कार्यकर्ताओं को ठगने का काम करते हैं। गांधी परिवार पार्टी को अपने कब्ज़े में लेकर चलाना चाहता है।” उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेतृत्व की विश्वसनीयता अब समाप्त हो चुकी है और यही वजह है कि कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस में फैसले शीर्ष परिवार के इर्द-गिर्द सिमटकर रह गए हैं, जिससे प्रदेश स्तर पर नेताओं और कार्यकर्ताओं में निराशा गहराती जा रही है। नितिन नबीन ने इसे कांग्रेस की “अंतर्कलह और कमजोर नेतृत्व” का परिणाम बताया। कांग्रेस की ओर से इन आरोपों पर अभी कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन पार्टी के अंदर जारी बयानबाज़ी और असंतोष ने बिहार की राजनीति में नई तकरार पैदा कर दी है।