Muzaffarpur मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के बोचहा थाना क्षेत्र में एनएच-57 पर आदि गोपालपुर के पास शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कार का दरवाजा काटकर सभी घायलों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दरभंगा की ओर से तेज गति से आ रही असम नंबर की एक लग्जरी कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और पहले किसी अज्ञात वाहन से टकराई और फिर सड़क किनारे बने पुल की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का आगे और बायां हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कार तेज रफ्तार में थी और ओवरटेक करते समय यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलने पर बोचहा पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया। थाना प्रभारी श्रीकांत चौरसिया ने बताया कि कार में तीन लोग सवार थे। "घटनास्थल पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कार में फंसे दो लोगों को दरवाज़ा तोड़कर बाहर निकाला गया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है।"