Bihar: अभिषेक कुमार की रिपोर्ट के अनुसार हाजीपुर-सोनपुर रेलखंड पर जौहरी बाजार के पास चलती ट्रेन में मोबाइल झपटमारी की एक गंभीर घटना सामने आई है। बदमाशों ने ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री का मोबाइल झपट लिया, जिसके बाद छीना-झपटी के दौरान यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार यह घटना बुधवार दोपहर की है, जब यात्री अपने परिवार के साथ गुजरात से समस्तीपुर लौट रहा था। जैसे ही ट्रेन सोनपुर रेल पुल पार कर जौहरी बाजार क्षेत्र के पास पहुंची, पहले से घात लगाए बदमाशों ने चलती ट्रेन से मोबाइल झपट लिया। मोबाइल बचाने की कोशिश में युवक ट्रेन से गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत जीआरपी तथा आरपीएफ को जानकारी दी। इसके बाद रेल पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल यात्री को अस्पताल पहुंचाया। घायल की पहचान समस्तीपुर जिले के खानपुर गांव निवासी स्वर्गीय प्रदीप मुखिया के पुत्र शिव कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपनी मां और भाई के साथ अपने पैतृक घर लौट रहा था। परिवार के अनुसार वे पिता के निधन के बाद पीएफ से जुड़े कार्य के लिए यात्रा कर रहे थे।
घटना के बाद यात्री की मां और भाई हाजीपुर जंक्शन पर उतरकर सीधे अस्पताल पहुंचे, जहां घायल का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जौहरी बाजार के आसपास चलती ट्रेनों से मोबाइल झपटमारी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इसके बावजूद इस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई है। लोगों ने रेलवे प्रशासन और रेल पुलिस से इस रूट पर गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है।
इस घटना ने एक बार फिर रेल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और रेलवे की लापरवाही को उजागर किया है।