रोहतास न्यूज़: विभिन्न मांगों को लेकर भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन के साथ प्रखंड कार्यालय का घेराव किया. धरना उपरांत पार्टी नेताओं ने अधिकारियों को मांग पत्र भी सौंपा. दोपहर पार्टी के एरिया कमेटी सचिव अशोक सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष माले कार्यकर्ताओं ने भ्रष्ट अधिकारी होश में आओ, राशन किरासन में भ्रष्टाचार पर रोक लगाओ, प्रखंड कार्यालय में बिचौलियागिरी बंद करो जैसे नारे लगाते हुए झारखंडी मंदिर, धूप घड़ी होते प्रखंड कार्यालय पहुंचे. जहां प्रखंड कार्यालय का घेराव कर पार्टी कार्यकर्ताओं ने आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन करते हुए धरना दिया. प्रखंड कार्यालय पहुंचे भाकपा माले के केंद्रीय कमेटी सदस्य व काराकाट विधायक अरुण सिंह ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा.
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद तमाम लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर या खत्म किया जा रहा है. उन्होंने कॉरपोरेट घरानों के हाथों में संपत्तियों, खदानों, रेलवे, बीमा, शिक्षा, स्वास्थ्य, खाद्यान्न आदि को सौंपे जाने का आरोप लगाया. अंचल कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन के पूर्व ग्रामीणों ने दर्जनों की संख्या में शहर की सड़कों पर जुलूस निकाल प्रदर्शन किया. ग्रामीणों को संबोधित करते एरिया कमेटी सचिव अशोक सिंह और कामता यादव ने कहा कि जन वितरण में गरीबों को अरवा चावल दिया जा रहा है. जिसे गरीब खा नहीं पा रहे हैं. उन्हें वह चावल बेचकर महंगे दाम पर उसना चावल खाने को मजबूर होना पड़ रहा है. धरना प्रदर्शन को अन्य लोगों के अलावा पार्टी नेता निजामुद्दीन अंसारी, पूर्व मुखिया बसंती देवी, मुखिया सुंतेश्वर राम, विष्णुचंद सिंह, बलदेव सिंह, अजय पंडित, केके सिंह, राम अवतार पाल, राजेश माली, मोहन ठाकुर, गया प्रजापति, सत्यनारायण चंद्रवंशी आदि ने भी संबोधित किया.