भागलपुर : बिहार के भागलपुर में भाजपा नेता उमा भूषण तांती हत्याकांड की जांच में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश रचने के मामले में पूर्व पार्षद शशि मोदी का नाम सामने आया है। आरोप है कि भाजपा नेता की हत्या के लिए 3 लाख रुपये में सुपारी दी गई थी। मामले में पुलिस ने मुख्य शूटर और लाइनर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य शूटर अक्षय यादव और वारदात में रेकी कर जानकारी पहुंचाने वाला लाइनर सुमन कुमार शामिल है। एसआईटी ने दोनों को अलग-अलग जगहों से पकड़ा। शूटर के पास से हथियार और लाइनर के पास से मोबाइल बरामद किए जाने की बात कही गई है।

दिनदहाड़े गोली मारकर हुई थी हत्या
भाजपा के श्रीनारायण साह मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती की 11 सितंबर को भागलपुर के कुतूबगंज इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि हमलावरों ने पहले उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई और फिर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया गया।
राजनीतिक और वर्चस्व विवाद का एंगल
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे कथित तौर पर राजनीतिक वर्चस्व और मंदिर समिति से जुड़े विवाद का एंगल भी देखा जा रहा है। हालांकि पूरे मामले में अंतिम स्थिति जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी। बताया जा रहा है कि शशि मोदी पहले भाजपा मंडल अध्यक्ष रह चुके थे। बाद में पद को लेकर बदलाव हुआ था। पुलिस अब हत्या की पूरी साजिश, इसमें शामिल अन्य लोगों और फरार आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या की योजना कैसे बनाई गई और इसमें कितने लोग शामिल थे।

Tags: