पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कई आरोपी दबोचे गए

Update: 2026-07-01 17:06 GMT

बिहार: मुजफ्फरपुर के साहेबगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शादी समारोह में हुई हर्ष फायरिंग मामले में एक निजी गार्ड को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक लूटकांड में शामिल तीन आरोपियों को भी पुलिस ने दबोच लिया है। दोनों मामलों की जानकारी ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने प्रेसवार्ता के दौरान दी।

पुलिस के अनुसार, 29 जून की रात परसौनी जहांगीर गांव में एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने फायरिंग करने वाले गार्ड राम किशोर मिश्रा को गिरफ्तार किया है। आरोपी गार्ड मिठनपुरा स्थित नारायणी गर्ल्स हॉस्टल में सुरक्षा कर्मी के रूप में कार्यरत था। जांच में यह भी सामने आया कि जिस लाइसेंसी राइफल से फायरिंग की गई, वह हॉस्टल मालिक और रिटायर्ड प्रोफेसर रमेंद्र सिंह के नाम पर थी। पुलिस का दावा है कि गार्ड ने प्रोफेसर की जानकारी और सहयोग से हर्ष फायरिंग की थी। घटना के बाद राइफल को जब्त कर लिया गया है और उसके लाइसेंस को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, फरार प्रोफेसर की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

दूसरी घटना में साहेबगंज पुलिस ने 29 मई को लोदिया गांव के पास हुई लूट का भी खुलासा किया है। इस मामले में पूर्वी चंपारण के केसरिया थाना क्षेत्र के रहने वाले तीन आरोपियों अनुप कुमार, प्रमोद कुमार और रविंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में तीनों ने रामपुर खजुरिया निवासी शमशाद आलम से हथियार के बल पर लूट की बात स्वीकार की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर पूर्वी चंपारण में छापेमारी कर यह गिरफ्तारी की। पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। फिलहाल दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों के बीच पुलिस की सख्ती का संदेश गया है।

Tags:    

Similar News