वायरल हुआ महापंचायत का पोस्टर

Update: 2026-06-30 09:32 GMT

भोजपुर। जिले में भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर एक बार फिर सियासी माहौल गरमा गया है। शाहपुर के बिलौटी गांव में हाल ही में हुई महापंचायत के बाद अब 5 जुलाई को जगदीशपुर प्रखंड में एक और बड़ी “बहुजन महापंचायत” आयोजित करने का ऐलान किया गया है। इस कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्टर वायरल होने के बाद चर्चा और तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, यह महापंचायत जगदीशपुर के लाल बिहारी सिंह टोला स्थित हाई स्कूल मैदान में होगी। आयोजन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और आयोजकों का दावा है कि इसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे। इस वजह से प्रशासन भी सतर्क हो गया है और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है।

कार्यक्रम का आयोजन “बहुजन आर्मी” नामक संगठन द्वारा किया जा रहा है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोल्डेन दास ने दलित, आदिवासी, पिछड़ा और अल्पसंख्यक समाज के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लगातार प्रचार किया जा रहा है और लोगों को कार्यक्रम में आने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि इस महापंचायत का उद्देश्य बहुजन समाज की एकजुटता को प्रदर्शित करना है। वहीं, इस आयोजन को लेकर अलग-अलग राजनीतिक चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं और इसके सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।

इसी बीच एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है, जिसमें केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने इस महापंचायत में शामिल होने की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि वह 5 जुलाई को आरा पहुंचकर जगदीशपुर में आयोजित बहुजन महापंचायत में हिस्सा लेंगे। अब देखना होगा कि यह महापंचायत केवल सामाजिक एकजुटता का मंच बनती है या फिर इसके राजनीतिक प्रभाव भी सामने आते हैं। फिलहाल प्रशासन हालात पर पैनी नजर बनाए हुए है।

Tags:    

Similar News