बिहार में वज्रपात का कहर, 24 घंटे में 8 लोगों की मौत

बिहार में मॉनसूनी बारिश के दौरान वज्रपात का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है।

Update: 2022-07-29 01:56 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। बिहार में मॉनसूनी बारिश के दौरान वज्रपात का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य में गुरुवार को ठनका गिरने से 8 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा गया और कैमूर में दो-दो लोगों की जान गई। वहीं, भोजपुर, नालंदा और नवादा में भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने के बाद एक-एक शख्स ने दम तोड़ दिया। सीएम नीतीश कुमार ने दुख जताया है।

गया जिले के बोधगया में मोचारिम पंचायत के भोला बिगहा गांव में गुरुवार शाम ठनका गिरने से एक युवक की मौत हो गई। उसके साथ दो मवेशी भी मर गए। वहीं, रानीगंज मोहल्ला में दोपहर में ठनका गिरने से एक महिला की जान चली गई।
कैमूर जिले के भभुआ में सदर थाना इलाके के सिकठी गांव में खेत में काम कर रही सात महिलाओं पर ठनका गिर गया। इससे एक महिला की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से झुलस गई। वहीं, अन्य महिलाएं सदमे में हैं। जिले के सारंगपुर में भैंस चरा रहे एक शख्स पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
बक्सर जिले के राजपुर में गुरुवार को वज्रपात की चपेट में आने से एक छात्र की मौत हो गई। भोजपुर जिले के पवना थाना इलाके के भगवानपुर गांव में खेत में धान की रोपनी कर रही महिलाओं पर ठनका गिर गया। इसमें एक महिला ने दम तोड़ दिया और दूसरी बुरी तरह झुलस गई। उसका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। नवादा जिले के रजौली में भी वज्रपात से एक किसान की मौत हो गई।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को प्रदेश भर में ठनका की चपेट में आने से हुई मौतों पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजन के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि जल्द जारी करने के निर्देश दिए।


Tags:    

Similar News

-->