नालंदा जिले के वेन थाना क्षेत्र के मखदुमपुर गांव में शनिवार को वज्रपात की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी मुंशी मांझी के 45 वर्षीय पुत्र अशोक मांझी के रूप में हुई है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि अशोक मांझी धान रोपनी का काम कर रहे थे। तभी शनिवार की शाम मौसम में बदलाव हुआ और खेत के पास ठनका गिरा। जिसके चपेट में आकर अधेड़ की जान चली गई।
आसपास के लोगों को जब नजर पड़ी तो वह घटनास्थल पर गए। तब तक अशोक मांझी की मौत हो चुकी थी। अशोक मांझी की मौत की खबर मिलने के बाद गांव में कोहराम मच गया। मृतक मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। अशोक मांझी अपने पीछे 9 बच्चों से भरा पूरा परिवार छोड़ गए।
वज्रपात से मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देर शाम सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि वज्रपात से मौत की बात सामने आई है। मृतक के परिजनों को आपदा के तहत सरकारी राशि उपलब्ध करा दी जाएगी। यूडी केस दर्ज कर पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है।