Lakhisarai: महागठबंधन की बैठक में भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करने का लिया संकल्प
Lakhisarai लखीसराय। महागठबंधन दलों की एक महत्वपूर्ण बैठक आज महात्मा गांधी बी.एड. कॉलेज, लखीसराय के सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता राजद के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक फुलेना सिंह ने की। बैठक में लखीसराय और सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्रों के सभी अंचलों से कांग्रेस, राजद, भाकपा, माकपा, भाकपा माले, वीआईपी सहित अन्य घटक दलों के अंचल स्तरीय नेताओं ने भाग लिया। बैठक में मौजूद नेताओं ने सर्वसम्मति से संकल्प लिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में महागठबंधन द्वारा घोषित उम्मीदवार को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विजयी बनाएंगे। वक्ताओं ने एक स्वर में वर्तमान सरकार को “भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी” बताते हुए इसे उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
नेताओं ने आरोप लगाया कि लखीसराय और सूर्यगढ़ा दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के संबंध भ्रष्टाचार से सीधे जुड़े हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि दोनों विधायकों ने अपने-अपने लिए दलालों की फौज खड़ी कर रखी है, जो योजनाओं की लूट और कमीशनखोरी में संलिप्त हैं।
सूर्यगढ़ा विधायक पर आरोप लगाते हुए कहा गया कि उन्होंने काली कमाई से अर्जित संपत्तियों को बचाने के लिए भाजपा का दामन थामा है। वहीं, लखीसराय विधायक एवं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा पर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और खनिज क्षेत्र में लूट मचाने का आरोप लगाया गया। कुछ नेताओं ने यहां तक आरोप लगाया कि "उपमुख्यमंत्री ने अपने विधायक कोटे का चापाकल तक बेच डाला।"
इन नेताओं ने यह भी कहा कि यदि विधायक कोटे से लगे चापाकलों, जिला परिषद की योजनाओं और आवास योजनाओं की सार्वजनिक जांच हो, तो हर तरफ घोटाले ही घोटाले नजर आएंगे। विद्यापीठ चौक पर सत्ता पोषित गुर्गों के माध्यम से प्रतिमाह लाखों रुपये की रंगदारी वसूली और गरीब दुकानदारों को उजाड़ने के आरोप भी लगाए गए।
बैठक को महागठबंधन समन्वय समिति के संयोजक जितेंद्र कुमार, राजद उपाध्यक्ष प्रेम सागर चौधरी, माकपा नेता रजनीश कुमार, मोती साव, शिवशंकर राम, भगवान यादव, सुनिल कुमार, लक्ष्मण साव ,चन्द्रदेव यादव , अरविंद कुमार श्रवण पटेल सहित दर्जनों नेताओं ने संबोधित किया। सबों ने जनता से भ्रष्टाचार विरोधी सरकार के खिलाफ जन आंदोलन को मजबूत करने एवं सत्ता परिवर्तन के लिए महागठबंधन का साथ देने की अपील की।
संबंधित आशय की जानकारी भाकपा संगठन मीडिया प्रमुख सह वरिष्ठ अधिवक्ता रजनीश कुमार ने दी।