जूनियर छात्र ने सीनियर को अगवा किया

Update: 2026-07-02 14:34 GMT

पटना: दीघा इलाके में एक निजी स्कूल के सीनियर छात्र को जूनियर छात्रों द्वारा कार में बैठाकर ले जाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार दोपहर करीब 1.30 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने हालांकि इसे अपहरण से इनकार करते हुए आपसी विवाद का मामला बताया है और घटना में इस्तेमाल कार को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मैट्रिक परीक्षा पास कर चुका सीनियर छात्र अपनी मार्कशीट लेने के लिए स्कूल पहुंचा था। इसी दौरान उसका स्कूल के ही दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक जूनियर छात्र से पुराना विवाद सामने आ गया। बताया जाता है कि सीनियर छात्र को देखते ही जूनियर छात्र ने अपने कुछ साथियों को बुला लिया। इसके बाद कार से पहुंचे चार-पांच युवकों ने स्कूल गेट के बाहर निकलते ही सीनियर छात्र को घेर लिया और जबरन उसे कार में बैठाकर वहां से ले गए। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने इसे अपहरण समझ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दीघा थाना पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इस बीच आरोपित छात्र सीनियर को किसी अज्ञात स्थान पर ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। कुछ समय बाद उसे वापस स्कूल गेट पर छोड़ दिया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित बरामद कर लिया और परिजनों को सौंप दिया।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई थी और लोग इसे गंभीर अपहरण मामला मानकर चर्चा कर रहे थे। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगालना शुरू किया। डीएसपी विधि-व्यवस्था-1 कृष्ण मुरारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला अपहरण का नहीं बल्कि छात्रों के बीच पुराना आपसी विवाद प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि विवाद के चलते ही छात्र को कार में बैठाकर ले जाया गया और बाद में वापस छोड़ दिया गया। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल वाहन को जब्त कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस ने यह भी बताया कि फिलहाल पीड़ित छात्र या उसके परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने स्कूल परिसर में छात्रों के बीच बढ़ते विवाद और अनुशासन को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग स्कूल प्रशासन से इस तरह की घटनाओं पर सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

Tags:    

Similar News