जीतन राम मांझी बोले- बीजेपी उम्मीदवार की जीत तय, प्रशांत किशोर पर भी साधा निशाना
Patna पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के संरक्षक जीतन राम मांझी ने राष्ट्रीय जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा कि वे उन्हें जानते तक नहीं हैं। साथ ही उन्होंने भाजपा उम्मीदवार की जीत का भरोसा जताया।
मीडिया से बातचीत में जीतन राम मांझी ने कहा, "प्रशांत किशोर को तो हम जानते ही नहीं हैं। जहां तक भाजपा का सवाल है, भाजपा एक से एक जादू करती है। आपने देखा है कि नितिन नवीन को इन्होंने बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया। उसी प्रकार यहां पर भी जो सचमुच का कार्यकर्ता है, उसे टिकट दिया गया है। सभी कार्यकर्ता और एनडीए के सभी सहयोगी उनके साथ हैं और उनकी जीत सुनिश्चित है।"
मांझी ने कहा कि भाजपा ने संगठन के समर्पित कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाकर कार्यकर्ताओं का सम्मान किया है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए के सभी घटक दल पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में हैं और बांकीपुर सीट पर गठबंधन की जीत तय है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिहार में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न दलों के नेता लगातार चुनाव प्रचार में जुटे हैं और मतदाताओं को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रहे हैं। इस बीच नेताओं के बयान भी चुनावी माहौल को और गर्मा रहे हैं। प्रशांत किशोर और भाजपा को लेकर जीतन राम मांझी की टिप्पणी को चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि उपचुनाव में मतदाता किसे अपना समर्थन देते हैं।