रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की उत्पाद सिपाही भर्ती 2023 अब अगले चरण में पहुंच गई है। चयन प्रक्रिया के तहत 1941 अभ्यर्थियों का मेडिकल टेस्ट 1 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक रांची के सदर अस्पताल स्थित आठवें तल्ले के ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। यह जांच आयोग द्वारा तैयार मेधा सूची के आधार पर की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 583 पदों पर नियुक्ति होनी है। मेडिकल टेस्ट के पहले दिन 1 जुलाई को 150 अभ्यर्थियों की जांच की जाएगी। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अन्य अभ्यर्थियों का क्रमवार मेडिकल परीक्षण होगा। JSSC ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल जांच झारखंड राज्य पुलिस नियुक्ति नियमावली 2014 और समय-समय पर किए गए संशोधनों के अनुसार की जाएगी। जांच प्रक्रिया चयन पर्षद की देखरेख में होगी और इसके बाद योग्य एवं अयोग्य अभ्यर्थियों की सूची आयोग को सौंपी जाएगी।
मेडिकल टेस्ट पूरा होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों के शैक्षणिक और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। दस्तावेज सत्यापन के बाद ही अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा। यदि कुछ पद रिक्त रह जाते हैं, तो मेधा सूची के अगले अभ्यर्थियों को भी क्रमवार मेडिकल के लिए बुलाया जाएगा। आयोग ने उन अभ्यर्थियों के लिए भी अवसर दिया है जो निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हो पाएंगे। ऐसे उम्मीदवारों को 17 और 18 जुलाई 2026 को अंतिम मौका दिया जाएगा। इसके बाद किसी प्रकार का अतिरिक्त अवसर नहीं मिलेगा।
यदि कोई अभ्यर्थी मेडिकल जांच में अयोग्य घोषित होता है तो उसे 20 और 21 जुलाई को रांची स्थित रिम्स के एपेक्स मेडिकल बोर्ड में अपील करने का अवसर मिलेगा। यहां पुनः जांच की जाएगी और बोर्ड का निर्णय अंतिम माना जाएगा। JSSC ने बताया कि मेडिकल टेस्ट के लिए चयनित अभ्यर्थियों की अनुक्रमांकवार सूची अलग से जारी की जाएगी। सभी उम्मीदवारों को निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
इस भर्ती परीक्षा का आयोजन 12 अप्रैल 2026 को राज्य के आठ जिलों में किया गया था। लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह मेडिकल चरण चयन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। अब सभी की नजर दस्तावेज सत्यापन और अंतिम चयन सूची पर टिकी हुई है।