गोपालगंज DEO का एक्शन, शिक्षक को नोटिस

Update: 2026-06-26 15:27 GMT

Bihar: गोपालगंज जिले में शिक्षा विभाग की डिजिटल निगरानी व्यवस्था के बीच एक शिक्षक पर बिना विद्यालय पहुंचे ई-शिक्षाकोष ऐप पर उपस्थिति दर्ज करने का गंभीर आरोप सामने आया है। मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) ने संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है। जानकारी के अनुसार यह मामला सदर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय, खाप मकसूदपुर का है, जहां पदस्थापित शिक्षक संतोष कुमार यादव पर यह आरोप लगा है। मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) ब्रजेश कुमार द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान यह अनियमितता सामने आई। निरीक्षण में शिक्षक विद्यालय में अनुपस्थित पाए गए, जबकि ऐप पर उनकी उपस्थिति दर्ज थी।

जांच के दौरान यह भी पाया गया कि विद्यालय की उपस्थिति पंजी में शिक्षक के हस्ताक्षर नहीं थे, जिससे मामले को और गंभीर माना गया है। प्रारंभिक जांच में मई 2026 के रिकॉर्ड में भी इसी तरह की कथित गड़बड़ी के संकेत मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि डिजिटल माध्यम से फर्जी हाजिरी दर्ज की गई हो सकती है।

शिक्षा विभाग ने इस पूरे मामले को गंभीर अनियमितता मानते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है। डीईओ योगेश कुमार ने शिक्षक को साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि समय पर जवाब नहीं मिलने या संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं देने पर बिहार सरकारी सेवक नियमावली के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभाग अब ई-शिक्षाकोष ऐप और विद्यालय के वास्तविक रिकॉर्ड का मिलान कर रहा है ताकि पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके। शिक्षा विभाग ने कहा है कि डिजिटल उपस्थिति प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्राथमिकता है, और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Tags:    

Similar News