पटना:मेडिकल छात्रों के लिए खुशखबरी, निजी कॉलेजों की 675 सीटों पर सरकारी रेट से होगा दाखिला
Patna पटना : बिहार के निजी मेडिकल कॉलेजों में अब आधी सीटों पर राज्य सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर एडमिशन होगा जो शैक्षणिक सत्र 2025-26 से लागू होगा। स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है जिसके तहत लगभग 675 सीटों पर 40800 रुपये वार्षिक फीस लगेगी। यह निर्णय राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग के निर्देशानुसार लिया गया है।
बिहार के निजी मेडिकल कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 से ही 50 प्रतिशत सीटों पर राज्य सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर एडमिशन होगा। निजी मेडिकल कॉलेजों को मिलाकर एमबीबीएस पाठ्यक्रम की कुल 1350 सीटें हैं जिनमें से 675 सीटों पर राज्य सरकार निर्धारित दरों पर छात्रों का नामांकन होगा। यह फीस करीब 40,800 रुपये वार्षिक होगी।
स्वास्थ्य विभाग ने करीब दो वर्ष पूर्व राज्य मंत्रिमंडल से स्वीकृत इस प्रस्ताव को लागू करने के संबंध में आदेश जारी कर दिया है। सरकार ने अपने निर्णय से संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद के परीक्षा नियंत्रक को भी अवगत करा दिया है। साथ ही यह कहा है कि इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए इसे इसी शैक्षणिक सत्र से प्रभावी बनाया जाए।