प्रेम प्रसंग में छात्रा की हत्या, तालाब से बरामद हुआ शव

Update: 2024-05-22 13:30 GMT
बिहारबिहार के दरभंगा के अलीनगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव से 20 मई से गायब एक 10वीं की छात्रा सना परवीन (14) का शव गांव के तालाब से बरामद किया गया है। मृतका के परिजनों ने गांव के एक युवक मो. अफजल पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, अलीनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
 जानकारी के मुताबिक, मृतका 20 मई को अचानक घर से गायब हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पा रहा था। काफी खोजने के बाद घर से कुछ दूरी पर तालाब किनारे उसकी चप्पल दिखाई पड़ी। इसके बाद परिजनों ने इसकी सूचना बेनीपुर डीएसपी आशुतोष कुमार को दी। डीएसपी के निर्देश पर अलीनगर थानाध्यक्ष विनय मिश्र ने गोताखोरों की मदद से मिरो तालाब से छात्रा के शव को निकाला। शव निकलते ही मृतका के घर कोहराम मच गया। वहीं, मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
मृतका के चाचा ने बताया कि मृतका सना परवीन 10वीं कक्षा की छात्रा थी। उसका गांव के ही युवक अफजल के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस बारे में दोनों के परिवार वालों को भी जानकारी थी। इस बात को लेकर दोनों के परिजनों ने आपस में बैठकर दोनों की शादी करा देने की बातचीत भी की थी। लेकिन प्रेमी युवक अफजल के परिजनों ने दहेज में दो लाख रुपये की मांग कर दी थी। उसके बाद लड़की के परिजनों ने इतनी रकम देने में असमर्थता जताई थी।
उन्होंने बताया कि मृतका के पिता (उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में मदरसा में शिक्षक) ने आश्वासन दिया था कि जल्दी ही रुपये की व्यवस्था कर दोनों की शादी करा दी जाएगी। इसके बाद लड़का और लड़की दोनों का मिलना-जुलना काफी बढ़ गया था। लड़की के गायब होने के बाद परिजन प्रेमी के घर गए थे। जहां उसने बताया कि वह गांव में ही अपनी एक सहेली से मिलने गई है। लेकिन उक्त सहेली ने पूछने पर बताया कि वह उसके घर नहीं आई थी।
इस मामले को लेकर अलीनगर थानाध्यक्ष विनय मिश्र ने बताया कि मृतका की मां के आवेदन पर गांव के मो. रेजा के बेटे अफजल, उसकी मां और एक भाई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्राथमिकी में लड़की की हत्या कर तालाब में फेंकने का आरोप लगाया गया है।
Tags:    

Similar News