गंगा का कहर तेज, कटाव से तटबंध पर मंडराया खतरा, सरकार अलर्ट
भागलपुर : बिहार के भागलपुर में गंगा नदी के कटाव ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। नदी की बदलती धारा के कारण तटबंध को नुकसान पहुंचने का खतरा पैदा हो गया है। स्थिति को देखते हुए बिहार सरकार ने बचाव और सुरक्षा के लिए कदम तेज कर दिए हैं। बिहार के सड़क निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने बताया कि गंगा नदी ने अपना रास्ता बदल लिया है। नदी की धारा अब ग्रामीण क्षेत्र की तरफ मुड़ रही है और वह नए रास्ते की तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और समस्या के समाधान के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।
मंत्री ने बताया कि तटबंध की सुरक्षा को लेकर रेलवे के विशेषज्ञों को भी बुलाया गया है। तकनीकी विशेषज्ञों की राय के आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मुद्दे पर एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की जाएगी।गंगा के कटाव से आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों को डर है कि अगर नदी की धारा इसी तरह बदलती रही तो आने वाले समय में कृषि भूमि और आबादी वाले क्षेत्रों को नुकसान पहुंच सकता है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है। कटाव रोकने और तटबंध को मजबूत करने के लिए संभावित उपायों पर काम किया जा रहा है।गौरतलब है कि बिहार में हर साल गंगा समेत कई नदियों के जलस्तर बढ़ने और कटाव की समस्या सामने आती है। ऐसे में भागलपुर में गंगा की बदलती धारा को लेकर सरकार किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहती।