CISF की तर्ज पर औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए बिहार में अब BISF, 2698 पदों का किया गया सृजन

केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) की तर्ज पर राज्य का भी अपना बिहार औद्योगिक सुरक्षा बल (Bihar Industrial Security Force) होगा।

Update: 2021-11-04 04:13 GMT

पटना, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) की तर्ज पर राज्य का भी अपना बिहार औद्योगिक सुरक्षा बल (Bihar Industrial Security Force) होगा। यह बल बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के अंतर्गत काम करेगा। इसकी दो वाहिनियों के गठन के लिए 2698 पदों का सृजन किया गया है। वर्तमान में बदलते ट्रेड रैंक व कंप्यूटरीकरण आदि के बाद बदलती जरूरत को देखते हुए 2698 में से 2428 पदों का पुनर्नामांकन कर स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें पुलिस अवर निरीक्षक (स), सहायक अवर निरीक्षक (स), हवलदार व सिपाही आदि के पद शामिल हैं।

डुमरांंव व बेगूसराय में होगा बीआइएसएफ का मुख्‍यालय

बिहार औद्योगिक सुरक्षा बल की दो वाहिनियों का मुख्यालय भी तय कर दिया गया है। पहली वाहिनी का मुख्यालय डुमरांव स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-04 और दूसरी वाहिनी का मुख्यालय बेगूसराय स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-08 का परिसर होगा। यहां मुख्‍यालय बनाने की तैयारी की जा रही है।
हर वाहिनी के लिए 1214 पद स्वीकृत
बिहार औद्योगिक सुरक्षा बल की प्रत्येक वाहिनी के लिए 1214 पद स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पुलिस अवर निरीक्षक (स) के 29, सहायक अवर निरीक्षक (स) के 84, हवलदार के 182, सिपाही के 917 व धोबी के दो पद हैं। दोनों वाहिनी को मिलाकर पदों की संख्या 2428 हो जाती है। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, जल्द ही दोनों वाहिनियों को शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए सारी प्रक्रियाएं जल्द शुरू होंगी। बिहार औद्योगिक सुरक्षा बल का गठन हो जाने के बाद राज्य की औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा के लिए इनकी सेवा ली जा सकेगी। अभी इसके लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) पर निर्भरता है। ले‍किन बीआइएसएफ का गठन हो जाने से औद्योगिक क्षेत्राें की सुरक्षा में सहू‍लियत होगी।
बिहार का होगा अपना औद्योगिक सुरक्षा बल, 2428 पदों का बदला नाम
दो वाहिनियों का होगा गठन, डुमरांव और बेगूसराय में होगा मुख्यालय
2698 पदों का किया गया है सृजन
Tags:    

Similar News