बिहार में सभी ने शराबबंदी का एकजुट समर्थन किया था, किसी पार्टी ने विरोध नहीं किया था: मुख्यमंत्री

बड़ी खबर

Update: 2022-12-11 12:27 GMT
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जदयू के प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में पार्टी के राष्ट्रीय परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी पहले सिर्फ बिहार में मान्यता प्राप्त पार्टी थी, अन्य दो राज्यों में हमें मान्यता मिली है अब एक और राज्य में मान्यता मिलते ही हम राष्ट्रीय पार्टी हो जाएंगे। नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन करते हुए उन्होंने कहा कि आप पुराने साथी हैं, सबकी इज्जत और सम्मान कीजिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि एकदम मजबूती से काम कर इस बार जदयू को राष्ट्रीय पार्टी बना दीजिए, इसका पूरा भरोसा है और इसलिए आपको यह काम सौंपा गया है। बिहार में तो खुशी की बात है कि इतनी बड़ी संख्या में सदस्यता अभियान चला। सभी साथी से अनुरोध है की पार्टी की सदस्यता के लिए लोगों को प्रेरित करते रहें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि शराब बंदी पर कुछ लोग मेरे खिलाफ बहुत बोलते हैं। बापू की इच्छा के अनुसार राज्य में शराब बंदी किया गया है। इससे ना जाने कितने परिवार की स्थिति सुधरी है। बिहार में किसी पार्टी ने शराबबंदी का विरोध नहीं किया था, सभी ने एकजुट इसका समर्थन किया था। कांग्रेस पार्टी की तो सदस्यता रसीद में ही लिखा है की शराब नहीं पीना है। उन्होंने कहा कि एक जगह चुनाव हारने से सब कुछ खत्म नहीं होता है। सभी लोग आम लोगों से मिलें-जुलें, उनसे ठीक से बात करें।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ''ललन'' ने अपने ऊपर विश्वास व्यक्त करने के लिए सबको धन्यवाद देते हुए कहा कि हमारे नेता ने जिस विश्वास के साथ मुझे यह जिम्मेवारी सौंपी है उसके लिए उनके प्रति आभार व्यक्त करता हूँ। उन्होंने कहा कि आप सभी साथियों का सहयोग मुझे अपनी जिम्मेवारी पूरी करने में चाहिए। आप सबके सक्रिय सहयोग और समर्थन से ही हम अपने उद्देश्य में सफल हो पाएंगे। हम जिस घर में जाएंगे वहां हमें समर्थन अवश्य मिलेगा, आवश्यकता है हमें एक एक के घर तक पहुंचने और वहां नीतीश जी का संदेश पहुंचाने की। हम सभी को मिलकर पार्टी को मजबूत करना है। बिहार के साथियों ने लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाने का काम किया, सात प्रदेश में सदस्यता अभियान पूर्ण कर चुनाव करा लिया गया है। जिस राज्य में सदस्यता अभियान नहीं चला है, वहाँ सदस्यता चलाकर चुनाव करवाया जाएगा।
Tags:    

Similar News

-->