DM ने की नगर परिषद में SIR अभियान की बीएलओ एवं पर्यवेक्षक के साथ समीक्षा, दिए आवश्यक निर्देश
लखीसराय। लखीसराय नगर परिषद सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र द्वारा मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान 2025 की प्रगति की समीक्षा लखीसराय विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के संबंधित बीएलओ सुपरवाइजरों के साथ किया गया। बैठक में फॉर्म वितरण, भरे हुए फॉर्मों का संग्रह, ऑनलाइन अपलोडिंग और अन्य संबंधित कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी सुपरवाइजरों से बूथ-वार प्रगति की जानकारी प्राप्त की और प्रत्येक बूथ पर कार्य की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची से हटाए जाएं। इस प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए सभी BLO को फॉर्म अपलोडिंग और डेटा प्रबंधन को और अधिक सुगम और त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया गया।उन्होंने सभी बीएलओ को प्रपत्रों की गुणवत्ता और सटीकता की जांच करने के लिए विशेष ध्यान देने को कहा । अस्वीकृत फॉर्मों की समीक्षा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) द्वारा की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाया जाए। इसके लिए प्रचार रथ, स्कूलों में विशेष शिविर, और पंचायत भवनों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह अभियान 27 जुलाई तक चलेगा और प्रारूप मतदाता सूची 1 अगस्त 2025 को प्रकाशित होगी। दावे और आपत्तियों की अवधि 1 अगस्त से 1 सितंबर तक होगी, और अंतिम मतदाता सूची 30 सितंबर 2025 को प्रकाशित की जाएगी।
डीएम मिथिलेश मिश्र ने कहा, “यह अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा लक्ष्य एक त्रुटिरहित, अद्यतन, और समावेशी मतदाता सूची तैयार करना है। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करें और अपने मताधिकार को सुरक्षित करें।”
समीक्षा बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी अमित कुमार, एपीओ डॉ प्रवीण कुमार, नितीश कुमार सिन्हा, अवध कुमार,अरूण कुमार सहित सभी बीएलओ एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।