पश्चिम चंपारण जिले: नरकटियागंज प्रखंड की शेरहवा पंचायत निवासी समाजसेवी दिलीप कुमार दुबे को उनके सामाजिक कार्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। उन्हें इंग्लैंड के World Record of Excellence द्वारा ‘Eminence Excellence Award-2026’ प्रदान किया गया है। यह सम्मान उन्हें रक्तदान, नेत्रदान और अंगदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और मानव सेवा में उनके निरंतर योगदान के लिए दिया गया है। इस उपलब्धि के बाद पूरे चंपारण और बिहार में खुशी की लहर है। इससे पहले भी दिलीप दुबे को कई राष्ट्रीय मंचों पर सम्मान मिल चुका है। वे पहले राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर चुके हैं और नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘राष्ट्रीय कर्मयोगी सम्मान’ से भी सम्मानित हो चुके हैं।
यह ताजा सम्मान उन्हें लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में आयोजित ‘संवेदना-2 नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवार्ड’ समारोह के दौरान प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के राज्यमंत्री वैश्य नटवर गोयल और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने उन्हें शॉल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।= दिलीप कुमार दुबे लंबे समय से रक्तदान, नेत्रदान और अंगदान के प्रति जागरूकता अभियान चला रहे हैं। वे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। खासकर लखनऊ, गोरखपुर और वाराणसी में इलाज के लिए आने वाले बिहार और चंपारण के मरीजों के लिए उन्होंने रक्तदाताओं का एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया है।
सम्मान मिलने के बाद दिलीप दुबे ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि उन सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं की है जो मानवता के लिए आगे आते हैं। उन्होंने कहा कि उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि किसी भी मरीज की जान रक्त की कमी के कारण न जाए। उनकी इस उपलब्धि पर केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, सांसद सुनील कुमार, विधायक संजय कुमार पांडेय, प्रखंड प्रमुख सुनैना देवी, मुखिया अनुपधर दुबे सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है। सभी ने इसे चंपारण के लिए गर्व की बात बताया है।