सीएम नीतीश ने कहा- बिहार में आबादी घनत्व ज्यादा, विशेष ध्यान दे केंद्र सरकार, देश की तरक्की में हमारा अहम योगदान

मुंगेर सड़क पुल के लोकार्पण के मौके पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में आबादी का घनत्व देश में सबसे ज्यादा है।

Update: 2022-02-12 02:45 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। मुंगेर सड़क पुल के लोकार्पण के मौके पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में आबादी का घनत्व देश में सबसे ज्यादा है। केंद्र सरकार से आग्रह है कि बिहार पर विशेष ध्यान दे। बिहार बढ़ेगा तो देश बढ़ेगा। देश की तरक्की में बिहार का अहम योगदान होगा। मुंगेर के लाल दरवाजा इलाके में उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आज से 20 वर्ष पूर्व इस पुल के शिलान्यास के समय मैंने मुंगेरवासियों से अनुरोध किया था कि अपने घरों में खुशी के दीये जलाएं।

पुल निर्माण की स्वीकृति मुंगेरवासियों के लिये ऐतिहासिक मौका था। पुल चालू होना यहां के लोगों के सपने सच होने जैसा है। इसलिये 20 वर्ष बाद आज फिर से कहूंगा कि मुंगेरवासी आज अपने घरों में दिवाली मनाएं। सीएम ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को बिहार की परियोजनाओं को विस्तार से साझा करने के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही कहा कि इस पुल के निर्माण में कई कठिनाइयां आयीं। खासतौर पर टोपोलैंड पर बसे लोगों को विस्थापित होने का। इसलिये कैबिनेट से मंजूर कर 5800 करोड़ का पैकेज दिया ताकि, दूसरी जगह घर बनाकर रह सकें। संपर्क पथ निर्माण में मुंगेर के लोगों के सहयोग के लिये सीएम ने धन्यवाद दिया।
सड़क, शिक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्र में काफी काम हुए
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वर्ष 2005 से एनडीए की सरकार राज्य का हर क्षेत्र में विकास कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि के क्षेत्र में काफी काम हुआ है। सड़कों पर इतना काम हुआ कि बिहार के किसी भी कोने से पांच से छह घंटे में पटना पहुंचा जा सकता है। घोरघट पुल और मुंगरे सड़क पुल का उद्घाटन खुशी का पल है।
अधिक इथेनॉल उत्पादन की मांगी अनुमति
मौके पर केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी द्वारा बिहार में अधिक इथेनॉल उत्पादन की अपील के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2007 में गन्ना से इथेनॉल उत्पादन के लिये 21 हजार करोड़ का प्रस्ताव मिला था। उस समय कानून में संशोधन कर केन्द्र को भेजा था, जो नामंजूर हो गया। इस कारण उत्पादन नहीं हो पाया। वर्ष 2021 में आई केन्द्र की विशेष इथेनॉल नीति से खुशी मिली। इससे उद्योग बढ़ेगा। प्रारंभ में ही उत्पादन की अनुमति मिलती तो बिहार को काफी फायदा होता। अब तक 29 इकाइयों ने आवेदन दिया है, जिनकी उत्पादन क्षमता 187 करोड़ लीटर वार्षिक है।
केंद्र सरकार ने 17 इकाइयों को अनुमति दी है, जिसकी उत्पादन क्षमता 35.28 करोड़ लीटर है। बिहार में तीनों सीजन में मक्के का उत्पादन होता है। इसलिये केन्द्र को यहां और अधिक इथेनॉल के उत्पादन और क्रय की अनुमति देनी चाहिये, ताकि यहां उत्पादित इथेनॉल अन्य प्रदेशों में भी काम आ सके। वार्षिक क्रय कोटा 125 करोड़ लीटर कराने के प्रयास के लिए मुख्यमंत्री ने उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, मंत्री सम्राट चौधरी, नितिन नवीन आदि ने भी संबोधित किया।
विकास की गंगा बहेगी : गडकरी
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी मुंगेर पुल से लोकार्पण के मौके पर वर्चुअल माध्यम से जुड़े और कहा कि हम सड़कों पर इतना काम कर रहे हैं कि आने वाले समय में पूरे देश में सड़कों का नेटवर्क अमेरिका के समकक्ष होगा। बिहार में भी गंगा पर इतने पुल बनेंगे कि यहां चारों ओर विकास की गंगा बहने लगेगी। साथ ही कहा कि ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे गोरखपुर से सिलीगुड़ी तक बनेगा, जिसमें बिहार के भीतर 480 किलोमीटर एक्सप्रेस-वे बनेगा। इसके लिए डीपीआर बन गई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपील की कि बिहार में जो भी संभावित नक्शा है वह भेज दें, उसे मंजूरी मिलेगी। साथ ही मुंगेर सड़क पुल पर कहा कि जिस पुल का कार्य का शुभारंभ वर्ष 2002 में हुआ था, वह आज पूरा करते हुए काफी खुशी हो रही है। थोड़ी देर भले ही हुई, लेकिन कार्य बिल्कुल दुरुस्त हुआ है। राज्य में यह तीसरा सबसे बड़ा रेल-सह-सड़क पुल है। उन्होंने कहा कि बिहार में गंगा नदी पर 18 पुलों का निर्माण कर रहे हैं। पटना में महात्मा गांधी सेतु पर काम चल रहा है।
निर्माणाधीन सभी पुल तैयार होने से उत्तर प्रदेश, झारखंड सहित अन्य राज्यों के लोगों को काफी लाभ मिलेगा। विक्रमशिला के समानांतर पुल दिसंबर, 2025 तक पूरा हो जाएगा। यह पुल भी उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार को जोड़ने का काम करेगा। उन्होंने बिहार में बन रहे तथा बनने वाले विभिन्न पुल, एप्रोच पथ सहित फोरलेन व सिक्स लेन जैसे पथों के बारे में काफी विस्तार से बताया। साथ ही कहा कि मुंगेर से मिर्जाचौकी तक बनने वाले फोरलेन पर 7800 करोड़ खर्च होगा। कार्य अप्रैल से आरंभ होगा।


Tags:    

Similar News

-->