बीजेपी ने MLA चुनाव के लिए जारी की 12 उम्मीदवारों की सूची, पढ़ें पूरी लिस्ट

भाजपा ने बिहार विधान परिषद की 24 सीटों पर होने वाले चुनाव में एनडीए गठबंधन के तहत अपने कोटे की 12 सीटों पर शुक्रवार को उम्मीदवारों की घोषणा कर दी।

Update: 2022-03-12 06:03 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। भाजपा ने बिहार विधान परिषद की 24 सीटों पर होने वाले चुनाव में एनडीए गठबंधन के तहत अपने कोटे की 12 सीटों पर शुक्रवार को उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने स्थानीय निकाय कोटे की बिहार के विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव 2022 के लिए उम्मीदवारों का एलान किया। घोषित उम्मीदवारों में पांच राजपूत, चार वैश्य, दो भूमिहार, जबकि एक ब्राह्मण समाज से हैं।

भाजपा ने कार्यकाल पूरा करने वाले छह निवर्तमान विधान पार्षदों तथा छह सीटों पर नये प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। सीटिंग एमएलसी में संतोष सिंह, राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता, रजनीश कुमार, नूतन सिंह (लोजपा से आयी), डॉ. दिलीप जायसवाल और अशोक अग्रवाल शामिल हैं। वहीं तीन सीटिंग एमएलसी पार्टी का भरोसा कायम नहीं रख पाए। बेटिकट होने वालों में सारण से सच्चिदानंद राय, सीवान से टुन्ना जी पांडेय और गोपालगंज से आदित्य पांडेय शामिल हैं। यहां पार्टी ने नया प्रत्याशी दिया है।
सीवान से मैदान में उतरे मनोज कुमार सिंह पूर्व विधान पार्षद हैं, जबकि सारण से घोषित प्रत्याशी धर्मेंद्र कुमार भाजपा के पुराने कार्यकर्ता हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में वे छपरा से लड़ना चाहते थे, नामांकन भी कर दिया था लेकिन प्रदेश नेतृत्व के आग्रह पर मैदान से हट गए थे। पार्टी ने अनुशासन मानने का उन्हें इनाम भी दे दिया। भाजपा के प्रत्याशियों में जदयू के पूर्व विधायक सुनील चौधरी और लोजपा की विधान पार्षद रहीं नूतन सिंह भी शामिल हैं।
सुनील चौधरी विधानसभा में जदयू का टिकट नहीं मिलने के बाद जबकि नूतन सिंह ने अपना टर्म पूरा करने के साथ ही भाजपा का दामन थाम लिया था। विधान परिषद के चुनाव में जो पहली बार भाजपा की ओर से अपनी किस्मत आजमाएंगे उनमें हाल ही भाजपा में शामिल हुए दिलीप कुमार सिंह भी शामिल हैं। औरंगाबाद सीट के निवर्तमान विधान पार्षद राजन सिंह ने खुद चुनाव लड़ने से मना कर दिया और अब इस सीट पर दिलीप मैदान में हैं। समस्तीपुर के विधान पार्षद हरिनारायण सिंह के निधन के बाद उनके प्रति आस्था जताते हुए भाजपा ने उनके पुत्र डॉ. तरुण कुमार को उम्मीदवार बनाया है। गोपालगंज से राजीव कुमार भी पहली बार मैदान में हैं।
ये हैं प्रत्याशी
औरंगाबाद से दिलीप कुमार सिंह, रोहतास-कैमूर से संतोष सिंह, सारण से धर्मेंद्र कुमार सिंह, सीवान से मनोज कुमार सिंह, गोपालगंज से राजीव कुमार, पूर्वी चंपारण से राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता, दरभंगा से सुनील चौधरी, समस्तीपुर से डॉ. तरुण कुमार, बेगूसराय-खगड़िया से रजनीश कुमार, सहरसा-मधेपुरा-सुपौल से नूतन सिंह, पूर्णिया-अररिया-किशनगंज से डॉ. दिलीप जायसवाल व कटिहार से अशोक अग्रवाल प्रत्याशी बनाए गए हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा, 'केंद्रीय नेतृत्व ने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। अब घोषित सभी प्रत्याशियों की जीत में भाजपा के सभी कार्यकर्ता तथा पूरा एनडीए लगेगा।'
Tags:    

Similar News

-->