Bihar बिहार: बिहार के भागलपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है. दरअसल, यहां ट्रेन में बदमाशों से भिड़ते हुए एक युवती की जान चली गई. 21 साल की काजल अपना बैग लूटने के बाद चोर का पीछा कर रही थी, इसी दौरान बदमाशों ने उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया. घटना जिले के सबौर स्टेशन पर मंगलवार की सुबह हुई. बताया जा रहा है कि काजल अपने परिवार के साथ गया से कामाख्या जाने वाली ट्रेन में सफर कर रही थी. तभी सबौर स्टेशन के पास दो बदमाशों ने उसका सामान चुरा लिया|
काजल ने चोर का पीछा किया, लेकिन इस दौरान वह चलती ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई. इसके बाद काजल करीब एक घंटे तक दर्द से तड़पती रही. हादसे के बाद काजल कुमारी के परिजनों ने चेन खींचकर उसे ट्रेन से नीचे उतारा और एक ऑटोरिक्शा चालक की मदद से काजल को भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में भर्ती कराया. खगड़िया जिले की रहने वाली काजल की मौत हो गई. इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. काजल की बहन ने रेलवे पर गंभीर आरोप लगाए हैं|
उसका कहना है कि काजल मदद के लिए करीब एक घंटे तक पटरी के पास लेटी रही. वो बार-बार मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन किसी ने नहीं सुनी. अगर आज मदद मिल जाती तो आज हमारी बहन जिंदा होती. सब देख रहे थे, लेकिन कोई नहीं आया... इस संबंध में रेल पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ लूटपाट और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उधर रेल पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी में जुट गई है|