Bihar बिहार: भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना घटी, जिसमें एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक अमोरजा वार्ड संख्या 14 निवासी बबन सिंह का पुत्र प्रमोद कुमार था।ग्रामीणों के अनुसार, गाँव में नवनिर्मित काली मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा था। सोमवार देर शाम काम खत्म करने के बाद, प्रमोद मंदिर परिसर में बिखरी सामग्री इकट्ठा कर रहा था।
तभी पहले से लगे बिजली के तार की चपेट में आकर वह जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत चरपोखरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहाँ से उसे गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।मृतक प्रमोद अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसके परिवार में उसकी माँ सुकिया देवी, पत्नी नीतू देवी और दो बेटे चंदन और सूरज हैं। परिवार के सदस्य, खासकर उसकी माँ और पत्नी, इस त्रासदी से बेहद दुखी हैं।