Bihar बिहार: बिहार के गोपालगंज में रील बनाने के दौरान एक युवक नहर की तेज धारा में बह गया। स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से लापता युवक की तलाश जारी है। घटना नगर थाना क्षेत्र के तुर्कहा रेलवे ट्रैक के पास गंडक नहर में हुई। लापता युवक नगर थाना क्षेत्र के छपिया वार्ड नंबर 24 का शाहबाज आलम बताया जाता है। बताया जाता है कि सोमवार की दोपहर दो दोस्त तुर्कहा रेलवे ट्रैक के पास रील बना रहे थे। इसी दौरान 18 वर्षीय शाहबाज आलम का पैर फिसल गया और वह गंडक नहर की तेज धारा में बह गया। देखते ही देखते वह नहर की गहराई में समा गया। घटना के बाद लोगों की भारी भीड़ जुट गई, स्थानीय लोगों और गोताखोरों द्वारा युवक की काफी तलाश की गई लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
घटना के बाद नहर के पास काफी संख्या में लोग जुट गए। काफी प्रयास के बाद जब युवक का कोई सुराग नहीं मिला तो स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना नगर थाना और सीओ को दी। सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस और सीओ रजत कुमार वर्णवाल मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी है। सूचना पाकर पहुंचे सदर सीओ रजत कुमार वर्णवाल के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुट गई है।
सीओ रजत कुमार वर्णवाल ने बताया कि सूचना मिली थी कि रील बनाते समय एक युवक नहर में डूब गया है, एसडीआरएफ की मदद से लापता युवक की तलाश की जा रही है। इस हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन और राहत टीमें मौके पर मौजूद हैं, लेकिन अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।