Bihar Weather: बिहार में अब शुरू होगी कड़ाके की ठंड, पटना सहित 6 जिलों में 'शीत दिवस'

पटना समेत राज्यभर में कड़ाके की ठंड जारी है।

Update: 2022-01-19 07:27 GMT

पटना समेत राज्यभर में कड़ाके की ठंड जारी है। उत्तरी-पछुआ तथा उत्तरी हवाओं के प्रभाव से राज्यभर में कनकनी से जनजीवन बेहाल है। मंगलवार को राज्य के 20 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया। आधा दर्जन जिलों में शीत दिवस रहा। पूरे सूबे में कोहरा छाने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्यभर में औसत न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच और औसत अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। इस कारण पूरे सूबे में शीत दिवस जैसे हालात हैं। मौसम विभाग के अनुसार अभी दो से तीन दिन तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। कोहरा के साथ बर्फीली हवाएं चलेंगी।

मंगलवार को पटना के अलावा दरभंगा, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, गया और सारण में शीत दिवस रहा। पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, छपरा, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, शेखपुरा, बक्सर, सीतामढ़ी, औरंगाबाद, बेगूसराय, बांका, नवादा में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से रहा। नालंदा के हरनौत, सीवान के जीरादेई और समस्तीपुर के पूसा में भी तापमान दस से कम रहा।
गया का पारा सबसे नीचे
पिछले 24 घंटे में राजधानी समेत राज्य भर में मौसम शुष्क बना रहा। सूबे के अधिकतर हिस्सों में माध्यम से घना कोहरा छाया रहा। गया का पारा सबसे कम रहा। गया में न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा। एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री था। मंगलवार को हल्की धूप खिली जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली।
तीन दिन बने रहेंगे ऐसे हालात
समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर में उत्तर पछुआ और उत्तरी हवा का प्रवाह बना हुआ है। इन हवाओं के प्रवाह के कारण राज्यभर में कनकनी के हालात पैदा हुए हैं। राज्य के पश्चिमी तथा दक्षिण मध्य के कुछ इलाकों में आने वाले 2 से 3 दिनों में शीत दिवस की स्थिति के बनने के आसार हैं। वहीं अगले दो से 3 दिनों में रात के तापमान में गिरावट के आसार नहीं है।
शहर न्यूनतम तापमान
भागलपुर 9.5
मुजफ्फरपुर 9.1
सबौर 9.4
छपरा 6.4
दरभंगा 8.8
मोतिहारी 9.5
शेखपुरा 8.6
बक्सर 7.6
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)


Tags:    

Similar News

-->