Bihar बिहार: पूर्णिया में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोइरा थाना क्षेत्र के मूसापुर चौक के पास हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने सीएनजी ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देवचरण ऋषि (25) और मरंगा गंगेली निवासी प्रवीण ऋषि (35) के रूप में हुई है। घायलों में बादलपुर हरदा निवासी हीरा लाल मंडल, हीरो ऋषि, उनकी पत्नी आकाशी देवी और साली अंजलि कुमारी शामिल हैं। सभी घायलों का पूर्णिया के जीएमसीएच अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायल हीरो ऋषि ने बताया कि वह अपनी पत्नी और साली के साथ सीएनजी ऑटो-रिक्शा से खेरिया स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। कुरसेला की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने मूसापुर चौक के पास ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ऑटो चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद, आस-पास के लोग घटनास्थल पर पहुँचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत जीएमसीएच अस्पताल पहुँचाया गया।
मृतक प्रवीण ऋषि के पिता सदानंद ऋषि ने बताया कि प्रवीण जल्द ही पंजाब कमाने जाने वाला था। वह अपने घर से ऑटो-रिक्शा में गेड़ाबाड़ी होते हुए कटिहार जा रहा था, लेकिन मूसापुर चौक पर एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। प्रवीण की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया। उसके पिता ने बताया कि प्रवीण एक मजदूर था और पूरे परिवार का पालन-पोषण करता था। प्रवीण की पत्नी ने जब अपने पति का शव देखा, तो वह फूट-फूट कर रोने लगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।