Bihar बिहार: दरभंगा के बिरौल थाना क्षेत्र के पोखराम गांव से 10 दिनों से लापता कोचिंग छात्र कृष्ण कुमार मंडल का शव रविवार की रात एक बगीचे में गड़ा हुआ बरामद हुआ। छात्र की हत्या का खुलासा होते ही एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया। मृतक कृष्ण कुमार मंडल कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के खानपुर गांव का रहने वाला था। वह 14 अगस्त को सुपौल बाजार स्थित कोचिंग क्लास गया था। शाम करीब छह बजे उसने अपनी मां मधु देवी को फोन कर घर लौटने की बात कही, जिसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया और वह घर नहीं लौटा।
परिजनों ने तलाश शुरू की और संदेह के आधार पर गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे गहन पूछताछ की। यूपी के एक आरोपी के बयान के बाद हत्या का राज खुला। छात्र का शव पोखराम स्थित एक आम के बगीचे में गड़ा हुआ था।
पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी पहचान सुरेश झा, सोनू मंडल, दानिश और विजय मंडल के रूप में हुई है। वहीं, मुख्य आरोपी बलराम झा और कमलाकांत झा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। एफएसएल टीम ने भी शव बरामद करने के बाद नमूने लिए हैं। मधु देवी ने रोते हुए कहा कि उनके बेटे के हत्यारों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। एसडीपीओ ने बताया कि छात्र की हत्या 14 अगस्त को ही कर दी गई थी और शव को दफना दिया गया था।