Bihar: मूर्ति विसर्जन के दौरान नदी में डूबे छह युवक, ग्रामीणों ने चार को बचाया, दो लापता

Update: 2025-10-23 06:08 GMT
Bihar बिहार: मूर्ति विसर्जन के दौरान पुनपुन नदी में छह युवक डूब गए। कड़ी मशक्कत के बाद चार युवकों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो अभी भी लापता हैं। यह घटना गोह थाना क्षेत्र के देवहरा गाँव के पास पुनपुन नदी में हुई। डूबे और लापता युवकों की पहचान दधपी गाँव निवासी राजेश पाल के पुत्र धर्मवीर कुमार और संत विश्वकर्मा के पुत्र मोनू कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दधपी गाँव में लक्ष्मी पूजा धूमधाम से मनाई जा रही थी। पूजा के बाद बुधवार शाम जुलूस निकालकर मूर्ति विसर्जन की तैयारी चल रही थी। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। मूर्तियों का विसर्जन देवहरा गाँव स्थित पुनपुन नदी घाट पर किया जाना था।
मूर्ति विसर्जन के दौरान, धर्मवीर और मोनू, अंकुश, रोहित, गोलू और मुन्ना के साथ मूर्ति विसर्जन के लिए नदी में उतरे। नदी की गहराई अधिक होने के कारण सभी युवक डूबने लगे। उन्हें डूबता देख स्थानीय लोग नदी में कूद पड़े। स्थानीय गोताखोरों ने अंकुश, रोहित, गोलू और मुन्ना को पानी से बाहर निकाल लिया, जबकि धर्मवीर और मोनू का पता नहीं चल पाया। नदी में काफी देर तक तलाश की गई, लेकिन पानी गहरा होने के कारण उनका पता नहीं चल सका।घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की जाँच शुरू कर दी। थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने बताया कि एसडीआरएफ टीम को सूचित कर दिया गया है। लापता युवकों की तलाश जारी है।
Tags:    

Similar News