Bihar : छोटे बेटे के तिलक समारोह की हो रही थी तैयारी, बदमाशों ने बड़े बेटे को गोलियों से भूना, मचा हड़कंप
Bihar बिहार: बिहार के रोहतास जिले से एक खौफनाक घटना की खबर आ रही है। दरअसल, यहां सासाराम में रविवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने चौकीदार के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी।
मिली जानकारी के मुताबिक घटना तिलौथू थाना क्षेत्र की है। मृतक युवक की पहचान अभिनंदन पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक युवक तिलौथू थाने में कार्यरत चौकीदार अवधेश पासवान का बेटा था। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक चौकीदार अवधेश पासवान के घर में उनके छोटे बेटे का तिलक समारोह होना था। जिसके चलते घर में सजावट का काम चल रहा था। समारोह में शामिल होने के लिए घर पर कई मेहमान भी आए हुए थे। उसी दौरान चौकीदार अवधेश पासवान का बड़ा बेटा अभिनंदन घर के दरवाजे पर कुछ लोगों के साथ सो रहा था, तभी बाइक सवार दो अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और अभिनंदन को गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। हालांकि घटना के पीछे की वजह का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। फिलहाल पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है।