Bihar बिहार: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौगढ़ स्थित नहर से पुलिस ने सोमवार की देर शाम एक 90 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया और रात 10 बजे उसका पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान बारुण थाना क्षेत्र के टेंगरा गांव निवासी दुखी साव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दुखी साव रविवार को टेंगरा स्थित मंदिर में पूजा करने गए थे और वह पैर धोने के लिए नहर के किनारे गए थे। इसी क्रम में वह डूब गए। जब ग्रामीणों को उनके डूबने की जानकारी मिली तो उन्होंने नहर में खोजबीन शुरू की।
लेकिन शव नहर से बाहर नहीं निकाला जा सका। सोमवार की शाम ग्रामीणों ने मुफस्सिल थाने की पुलिस को नौगढ़ स्थित नहर में एक शव होने की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को नहर से बाहर निकाला और उसकी पहचान करने के बाद पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। वृद्ध की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गौरतलब है कि जिले में नदियों, नहरों और तालाबों में डूबने की घटनाओं को देखते हुए इससे बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की गई थी और लोगों से बरसात के मौसम में ऐसी जगहों से दूर रहने की अपील की गई थी। शव मिलने के बाद पुलिस ने एक बार फिर लोगों से नदियों, नहरों और तालाबों में जाने से बचने की अपील की है।