Bihar बिहार: पश्चिमी चंपारण जिले के मैनाटाड़ प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों एक चिंताजनक स्थिति सामने आई है। गांवों और आसपास के इलाकों में कौओं की रहस्यमय मौत ने लोगों को भयभीत कर दिया है। बीते कुछ दिनों से सड़क किनारे, खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार मृत कौए मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।स्थानीय लोगों नंदन कुमार, दिलीप कुमार, शिवनाथ केसरी, बद्री साह, गफ्फार मियां, सुरेश साह और अर्जुन कुमार सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पहले कभी इस तरह अचानक कौओं की मौत नहीं देखी थी। ग्रामीणों के अनुसार सुबह तक स्वस्थ दिखने वाले कौए कुछ ही समय में जमीन पर गिर जाते हैं और तड़पकर दम तोड़ देते हैं, जो देखने वालों के लिए बेहद भयावह दृश्य होता है।
कौओं की मौत की खबर फैलते ही गांव में डर का माहौल है। लोग बच्चों को बाहर निकलने से रोक रहे हैं और पशु-पक्षियों के संपर्क से बचने की कोशिश कर रहे हैं। कई परिवारों में यह चिंता गहराने लगी है कि कहीं यह स्थिति किसी गंभीर बीमारी की ओर संकेत तो नहीं कर रही।लगातार हो रही मौतों के चलते ग्रामीणों में बर्ड फ्लू की आशंका गहराती जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जांच और एहतियाती कदम नहीं उठाए गए, तो यह समस्या केवल पक्षियों तक सीमित न रहकर इंसानों और अन्य जानवरों के लिए भी खतरा बन सकती है।