Bihar : पेड़ से गिरकर वृद्ध की मौत, गांव में फैली शोक की लहर, मौके पर पहुंची पुलिस
Bihar बिहार: हलसी थाना क्षेत्र के कोली गाँव में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में पेड़ से गिरकर 50 वर्षीय एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कोली गाँव निवासी नौरंगी मांझी के पुत्र मुनीरक मांझी के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुनीरक मांझी खाना बनाने के लिए लकड़ी लाने घर से निकला था। इसी दौरान वह पास के एक पेड़ पर चढ़कर टहनियाँ काट रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया। गिरने से सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गाँव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही हलसी थानाध्यक्ष रंजन कुमार के निर्देशानुसार एसआई रंजीत रंजन, एसआई सौरभ सुमन व पुलिस बल मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय भेज दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मुनीरक मांझी एक मेहनती और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके असामयिक निधन से पूरा गांव स्तब्ध है। परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस प्रशासन ने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। साथ ही, ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है।