Bihar News: दो बाइक की टक्कर, दो युवक की मौत, तीन घायल

Update: 2026-02-03 05:06 GMT
Bihar News: मुजफ्फरपुर के बरियारपुर थाना क्षेत्र में दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला, एक बच्चा और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
मुजफ्फरपुर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला, एक बच्चा और एक युवक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।यह हादसा बरियारपुर थाना क्षेत्र के भसौण चौक के पास उस वक्त हुआ, जब दो तेज रफ्तार बाइक आमने-सामने से टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उन पर सवार पांच लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी मोहम्मद रिजवान (24) और वैशाली जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र के बेला दरगाह गांव निवासी मोहम्मद निजामुद्दीन (23) के रूप में की गई है। वहीं, घायलों में मोहम्मद सहबान (22), गुंजा खातून (20) और एक बच्चा शामिल है।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहले सकरा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।बरियारपुर थाना प्रभारी ने बताया कि दो बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में यह हादसा हुआ है। घटना में दो लोगों की मौत हुई है और तीन लोग घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है, जबकि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
Tags:    

Similar News