Bihar News: तेज रफ्तार बाइक असंतुलित होकर पलटी, दो दोस्तों की दर्दनाक मौत
Bihar News: बिहार के कटिहार के पोठिया थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर खैरा मोड़ के पास बुधवार की शाम छह बजे सड़क दुर्घटना में गोराडीहा और सबौर के दो बाइक सवार दोस्तों की मौत हो गई। दुर्घटना में गोराडीहा का एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर रेफर कर दिया गया है। मृतकों में सबौर के फरका पंचायत के पूर्व मुखिया का नाती 16 वर्षीय सौरभ कुमार और सबौर नगर पंचायत के ब्राह्मण टोला निवासी मनोज झा उर्फ मुनकी का 15 वर्षीय पुत्र रौनक कुमार झा शामिल हैं। वहीं, गोराडीहा थाना क्षेत्र का रहने वाला दीपांशु शेखर घायल है। पोठिया थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि बुधवार को तीनों दोस्त एक ही बाइक से धनकुड़ शिवरात्रि मेला देखने कटिहार आए थे।
वहां से तीनों गोराडीहा लौट रहे थे। तेज रफ्तार होने के कारण शाम में पोठिया के खैरा मोड़ के पास बाइक अचानक असंतुलित होकर पलट गई। दुर्घटना में तीनों बुरी तरह घायल हो गए। होश में आए दीपांशु ने सभी घायलों के नाम पुलिस को बताए। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेली पहुंचाया, जहां डॉ. मुकेश कुमार ने सौरभ और रौनक को मृत घोषित कर दिया। दीपांशु को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया।