Bihar: बदमाशों ने दो युवकों पर किया चाकू से हमला, एक की मौत, दूसरा घायल
Bihar बिहार: बिहार में भागलपुर जिले के हबीबपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी तथा दूसरे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। भागलपुर के पुलिस उपाधीक्षक (2) राकेश कुमार ने मंगलवार को यहां बताया कि इस क्षेत्र के बदरे आलमपुर गांव में सोमवार मध्य रात्रि कुछ अपराधियों ने दो युवकों को चाकू घोंप दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से परिजनों ने दोनों को भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में एक युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान मो. सद्दाम (25) के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक मो. कोनेन का इलाज चल रहा है। दोनों युवक आलमपुर गांव के रहने वाले हैं। इस सिलसिले में मृतक के परिजनों ने संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि इस घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। प्रथम दृष्टया यह किसी विवाद से जुड़ा मामला प्रतीत होता है। फिलहाल पुलिस ने सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि हमला मीट काटने वाले चाकू से किया गया।