Bihar बिहार: एक रेस्टोरेंट में आग लग गई। इसके बाद लेनिन चौक के आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। इस दौरान लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बिहार के मुजफ्फरपुर में आग लगने की घटना हुई है। काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के लेनिन चौक स्थित एक रेस्टोरेंट में बुधवार देर शाम अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दमकल की गाड़ियों के पहुंचने से पहले ही रेस्टोरेंट का ज्यादातर सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
आग लगते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और उसे खुद ही बुझाने की कोशिश करने लगे। लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी ऐसा नहीं कर सका। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इस हादसे में रेस्टोरेंट के अंदर रखे चार बड़े फ्रिज, दो एसी, टीवी, टेबल-कुर्सी और हजारों रुपये नकद समेत लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई। हालांकि, गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव माना जा रहा है।
जिला अग्निशमन अधिकारी त्रिलोकी नाथ झा ने बताया कि आग बुझाते समय रसोई का दरवाजा तोड़ा गया और अंदर रखे पाँच बड़े सिलेंडर बाहर निकाले गए। अगर ये सिलेंडर फट जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था। दमकल की दो बड़ी और एक छोटी गाड़ी की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।