Bihar Firing: क्रिकेट टूर्नामेंट में मुखिया प्रतिनिधि समेत 3 पर फायरिंग
Bihar Firing: बिहार के पटना में बदमाशों ने एक क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में तीन लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग की. अपराधियों ने सैदाबाद पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि समेत तीन लोगों पर फायरिंग की. इस घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. बाइक सवार चार बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया मिली जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार रात पालीगंज इलाके में हुई. घायलों की पहचान सैदाबाद पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अंजनी सिंह, राजा और धर्मेंद्र के रूप में हुई है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि रानी तालाब थाना क्षेत्र के महतो टोला गांव में क्रिकेट टूर्नामेंट में पुरस्कार वितरण के दौरान गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया|
बाइक पर सवार चार बदमाश पहुंचे और मुखिया प्रतिनिधि समेत तीन लोगों पर फायरिंग कर दी. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने मुखिया प्रतिनिधि के पैर में 4 गोलियां मारी. बाकी दो लोगों पर एक गोली चलाई गई. तीनों लोगों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. हालांकि, घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. बताया जा रहा है कि किसी पूर्व विवाद के कारण घटना को अंजाम दिया गया. पुलिस ने मौके से छह कारतूस, एक मैगजीन और एक बाइक बरामद की है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुट गई है।