Bihar firing : घोड़े पर सवार बदमाशों की ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत

Update: 2026-02-26 05:21 GMT
Bihar firing : बाढ़ के अनुमंडल के सकसोहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सकसोहरा स्टैंड से कुछ दूरी पर स्थित टाल क्षेत्र में घोड़े पर सवार होकर आए बेखौफ बदमाशों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से चार राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में पुलिस द्वारा की गई अवैध शराब जब्ती की कार्रवाई और मुखबिरी के शक को लेकर यह घटना अंजाम दी गई। स्थानीय निवासी छोटू पासवान ने बताया कि कुछ दिन पूर्व पुलिस ने क्षेत्र में अवैध शराब की खेप के साथ एक बाइक जब्त की थी। शराब तस्करों और मदनचक के कुछ बदमाशों को संदेह है कि स्थानीय लोगों ने पुलिस को गुप्त सूचना दी थी, जिसके कारण उनकी शराब पकड़ी गई।
इसी रंजिश और वर्चस्व कायम करने की मंशा से मदनचक के बदमाश घोड़े पर सवार होकर सकसोहरा टाल क्षेत्र में पहुंचे और गोलियां चलाईं। घटना की सूचना मिलते ही सकसोहरा थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं। सकसोहरा थानाध्यक्ष ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि टाल क्षेत्र में चार राउंड फायरिंग की गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए इलाके में सघन छापेमारी शुरू कर दी है।
Tags:    

Similar News