Bihar: शराब माफिया का पीछा करने के दौरान उत्पाद विभाग की गाड़ी पलटी,सिपाही की मौत
Bihar बिहार: बिहार के आरा में उत्पाद विभाग के साथ बड़ा हादसा हुआ है. शराब माफियाओं का पीछा करने के दौरान उत्पाद विभाग की बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में एक सिपाही की सदर अस्पताल लाते समय मौत हो गई. जबकि एएसआई समेत चार पुलिसकर्मियों की हालत बेहद गंभीर है. यह घटना भोजपुर के बिहिया थाना क्षेत्र के केताय गांव के पास हुई. बताया गया है कि जगदीशपुर अनुमंडल के उत्पाद विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि दो शराब तस्कर बाइक पर शराब की खेप लेकर जा रहे हैं|
सूचना पर जगदीशपुर अनुमंडल के उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करों का पीछा किया, जिसमें बड़हिया थाना क्षेत्र के कटिया गांव के पास बोलेरो गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और गाड़ी सड़क किनारे खाई में जा गिरी. इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के अंदर से पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला और इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल भेजा. अस्पताल आते समय होमगार्ड के एक जवान की मौत हो गई|
जबकि तीन लोग काफी गंभीर रूप से घायल हैं, मृतक का नाम धर्मेंद्र पासवान बताया जा रहा है. जो बिहिया थाना क्षेत्र के समरदह गांव का रहने वाला था. वहीं, एसआई मोहम्मद जमील अख्तर उत्पाद विभाग में हैं, जो फिलहाल मीठापुर अरवल, सगुना मोड़ दानापुर पटना का रहने वाला है. वहीं, तीसरा होमगार्ड जवान सुशील कुमार यादव, निजी चालक विकास कुमार है. वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद होमगार्ड डीएसपी सुभाष सिंह आरा सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने मृतक के परिजनों को सांत्वना दी और घायलों का हालचाल जाना|
शराब तस्कर का पीछा करने के दौरान वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई. जबकि चार लोग घायल हैं. फिलहाल मृतक होमगार्ड जवान के परिजनों को 15 हजार की सहायता राशि दी जा रही है. उसके बाद सड़क दुर्घटना में दिए जाने वाले चार लाख रुपये का मुआवजा भी होमगार्ड जवान को दिया जाएगा. उन्होंने आगे बताया कि यह दुर्घटना कैसे हुई, इसकी भी पुलिस जांच की जाएगी।