Bihar Crime : वैशाली ज़िले में अपराधियों के हौसले बुलंद दिख रहे हैं। गुरुवार शाम को हाजीपुर के वैशाली थाना इलाके में एक ज्वेलरी की दुकान में दिनदहाड़े बड़ी लूट हुई। हथियारबंद अपराधियों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया और बिना किसी रोक-टोक के फरार हो गए।यह घटना जटकाउली चौक पर स्थित मां दुर्गा ज्वेलर्स एंड बर्तनलय में हुई। शाम करीब 4:30 बजे, मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात अपराधी दुकान में घुसे। अंदर घुसते ही अपराधियों ने शटर गिरा दिया और दुकान को अंदर से बंद कर दिया।
शटर गिराने के बाद, अपराधियों ने दुकानदार और सभी स्टाफ को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया। दुकान के अंदर करीब 15 मिनट तक लूटपाट चलती रही। इस दौरान अपराधी पूरी तरह बेखौफ दिखे।
दुकानदार के मुताबिक, अपराधियों ने लगभग 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और 22,000 रुपये कैश लूटकर फरार हो गए। जाते समय, अपराधियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए CCTV कैमरे की हार्ड ड्राइव और दुकानदार का मोबाइल फोन भी ले लिया।घटना की जानकारी मिलते ही वैशाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, लगभग 10 लाख रुपये के गहने और 22,000 रुपये कैश लूटे गए हैं। अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार कोशिशें की जा रही हैं।