Bihar बिहार: रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के धावा पुल के पास सोमवार सुबह बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में गंभीर रूप से घायल बस चालक चंदन कुमार बैठा की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में बस में सवार करीब 15 यात्री भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज बिक्रमगंज के सरकारी अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह भोले शंकर नामक पटना-सासाराम बस सासाराम लौट रही थी। तभी बस विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया। गंभीर रूप से घायल बस चालक चंदन कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही बिक्रमगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में नींद आने के कारण हादसा होने की संभावना बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, मृतक बस चालक के एक भाई की भी दो साल पहले बस हादसे में मौत हो गई थी।